: कैंची धाम मेला 2026
हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पूरे मेले को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।
मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, बैरियरों और प्रमुख मार्गों पर बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा नियमित एंटी-सबोटाज जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय खुफिया इकाइयों को भी पूरी तरह सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। संवेदनशील और संकरे मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन एसएसपी/एसपी, आठ अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी, 26 निरीक्षक, 146 उपनिरीक्षक, 475 पुलिसकर्मी, 455 प्रशिक्षु आरक्षी, पीएसी की दो कंपनियां, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की दो कंपनियां, एसडीआरएफ, अग्निशमन और बम निरोधक दस्ता तैनात रहेगा। पूरे मेले को चार सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित कर निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने कैंची धाम और नैनीताल के होटलों में बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विशेष पहचान स्टीकर जारी करने का भी निर्णय लिया है। वहीं बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को संचार हैंडसेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
