देहरादून: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (यूजी) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक क्रांति सिंह ने सभी मंडलीय और डिपो प्रबंधकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। यह सुविधा 19 जून की रात 12 बजे से 23 जून की रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
..
सरकारी आदेश के अनुसार केवल उत्तराखंड के मूल निवासी अभ्यर्थी ही इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। परीक्षार्थी अपने गृह जनपद से परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा के बाद वापस लौटने के लिए एक बार निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को अपना NEET प्रवेश पत्र दिखाना होगा। प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी के साथ-साथ मोबाइल में मौजूद सॉफ्ट कॉपी भी मान्य होगी। यही प्रवेश पत्र बस टिकट के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
..
परिवहन निगम ने टिकट मशीनों में विशेष रूप से NEET परीक्षा का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। यदि किसी बस में यह विकल्प उपलब्ध नहीं होता है, तो परिचालक मैनुअली अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर यात्रा सुविधा प्रदान करेगा।
परिवहन निगम मुख्यालय ने सभी डिपो प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
