कालाढूंगी में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वन निगम कार्यालय के पास हुआ, जहां दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
पुलिस कंट्रोल रूम को शाम करीब 6:10 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे में एक किआ सोनेट और एक ऑल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो कार में सवार शुभम सामंत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों, राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को वाहन से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने शुभम सामंत को मृत घोषित कर दिया। वहीं कमल मिश्रा, हर्षित अधिकारी और नरेंद्र अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
