Oplus_16908288
नैनीताल। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। लाल मिट्टी क्षेत्र के पास एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर नैनीताल से कालाढूंगी की ओर जा रही थी। वाहन में करीब 29 लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। शाम करीब साढ़े सात बजे लाल मिट्टी के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि हादसे में रेशमा (40 वर्ष) पत्नी नवाब और रुकसाना (50 वर्ष) पत्नी अनीश अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनीशा, शाकिर, फरत, नफीस अहमद, रशीद अहमद, लाडबा, उलबिया, मोनिश और आयशा समेत कई लोग घायल हुए हैं। वाहन में सवार बच्चों सुहेमा, तरवीया, माहिरा, सोफिया, साद, इनम, फेहजा और अबूजर को भी चोटें आई हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
