नैनीताल : रंगमंच की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रसिद्ध नाट्य संस्था युगमंच अपने स्वर्ण जयंती वर्ष का आगाज करने जा रही है। संस्था की 50 वर्षों की रंगयात्रा के उपलक्ष्य में वर्षभर विभिन्न सांस्कृतिक और नाट्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी श्रृंखला के तहत 22 जून 2026 को सीआरएसटी इंटर कॉलेज सभागार में बहुचर्चित नाटक ‘द जू स्टोरी’ का मंचन किया जाएगा।
इस विशेष प्रस्तुति का आयोजन दिल्ली के पंचकोशी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध नाटककार एडवर्ड एल्बी की रचना पर आधारित इस नाटक का निर्देशन, संगीत और डिज़ाइन वरिष्ठ रंगकर्मी उत्पल झा ने किया है। नाटक में पराग सरमाह पीटर और नैनीताल के चर्चित रंगकर्मी सुमन वैद्य जैरी की भूमिका निभाएंगे।
नाटक दो ऐसे व्यक्तियों की कहानी को मंच पर जीवंत करता है, जिनकी जीवन परिस्थितियां एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। कहानी के केंद्र में मानवीय अकेलापन, सामाजिक दूरी और व्यक्ति के भीतर छिपे मानसिक संघर्ष हैं। ‘चिड़ियाघर’ यहां केवल एक स्थान नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन में इंसान के भीतर कैद भावनाओं और सामाजिक बंधनों का प्रतीक बनकर सामने आता है।
निर्देशक उत्पल झा भारतेंदु नाट्य अकादमी और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित हैं तथा वर्तमान में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली में सहायक प्रोडक्शन मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। वहीं सुमन वैद्य भी राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित कलाकार हैं और देशभर में रंगमंच, अभिनय व निर्देशन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वर्ष 1976 में ‘अंधा युग’ के मंचन से शुरू हुई युगमंच की यात्रा आज 50 वर्षों का सफर पूरा कर चुकी है। इस दौरान संस्था ने सैकड़ों नाटकों का मंचन कर कुमाऊं क्षेत्र में रंगमंच की मजबूत पहचान बनाई है। स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर संस्था पूरे वर्ष सांस्कृतिक गतिविधियों और विशेष आयोजनों के जरिए अपनी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों में युगमंच की पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। संस्था के पदाधिकारी और सदस्य इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। नाट्य प्रेमियों के लिए यह मंचन रंगकर्म, विचार और संवेदनाओं से जुड़ने का एक विशेष अवसर साबित होगा।
