एआई इमेज
उत्तराखंड : उत्तराखंड में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी और लंबा हो सकता है। फिलहाल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और बढ़ती उमस लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है। रविवार को राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में सुबह से ही चटख धूप रही। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश नहीं होने से तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को प्रदेश के पहाड़ी जिलों में मौसम का मिजाज कुछ बदल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जनपदों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने देहरादून समेत आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि तेज धूप और वातावरण में नमी के कारण इन क्षेत्रों में उमस का असर बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख देखने को मिल सकता है और मानसून की सक्रियता के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
