Oplus_16908288
नैनीताल। नैनीताल के भुजियाघाट क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ड्यूटी के दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस से कुछ युवकों ने कथित तौर पर अभद्रता करते हुए मारपीट की, वर्दी फाड़ जान से मारने की धमकीदी। मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत 13 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक भुजियाघाट क्षेत्र में पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पांच नामजद समेत 13 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। तल्लीताल कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद समेत 13 लोगों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। तल्लीताल कोतवाली पुलिस ने ज्योलिकोट चौकी में तैनात कांस्टेबल की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात यातायात व्यवस्था संभालने के लिए चौकी के पुलिसकर्मी और पीआरडी जवान भुजियाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक लाल रंग की कार में सवार कुछ लोग होटल में खाना खाने के बाद बिना भुगतान किए वहां से निकल गए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और संबंधित वाहन का इंतजार करने लगे।
इसी बीच मौके पर कुछ युवक आपस में विवाद करते हुए सड़क पर हंगामा करने लगे। पुलिस टीम ने हालात को संभालने और बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी धक्का मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान एक कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी गई और उनके साथ मारपीट की गई।
पुलिस का आरोप है कि जब सूचना देने वाले व्यक्ति को सुरक्षित चौकी ले जाया जा रहा था, तब आरोपितों ने रास्ता रोक लिया और जान से मारने की धमकी दी। शोर शराबा बढ़ने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती और हिमांशु बिष्ट को नामजद करते हुए आठ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपितों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
