पर्यटकों की कार पर गिरा विशालकाय बोल्डर
पौड़ी/टिहरी: उत्तराखंड में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। पौड़ी जिले में गुमखाल-सतपुली मार्ग पर चल रही एक बोलेरो पर अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिर गया, जिससे दिल्ली से घूमने आए एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक के पीछे फिसलने से हुए हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की जान चली गई।
पौड़ी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर गुमखाल और सतपुली के बीच सतपुली मल्ली के पास निर्माण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी से बड़ा बोल्डर टूटकर कोटद्वार से सतपुली की ओर जा रही बोलेरो पर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दिल्ली के केशवपुरम निवासी 45 वर्षीय श्रीकांत पुत्र माधवन की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बोलेरो सवार 60 वर्षीय शरणजीत भगवान सिंह, निवासी जहांगीरपुरी (दिल्ली) और 40 वर्षीय उदय पुत्र रतन, निवासी पश्चिम बंगाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एक घायल को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जबकि दूसरे घायल के वाहन में फंसे होने पर एसडीआरएफ की टीम ने कटर मशीन की मदद से बोलेरो को काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार तीनों लोग दिल्ली से उत्तराखंड घूमने आए थे। हादसे के बाद मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
