8 अवैध तमंचों और 10 कारतूस के साथ तस्कर
हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसओजी और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 8 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों की खरीद-फरोख्त और उसके पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों और अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहारचलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण में, जबकि थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा के नेतृत्व में चोरगलिया थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम 27 जून को एमवीआर गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी।
चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष)
निवासी – ग्राम एवं पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर।
बरामद सामान
2 देशी तमंचे (12 बोर)
6 जिंदा कारतूस (12 बोर)
6 देशी तमंचे (.315 बोर)
4 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लाता था, इन्हें किन लोगों तक पहुंचाता था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूरे मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली एसओजी और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए एसएसपी नैनीताल ने टीम के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
