अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा 4 लोगों की मौके पर मौत
अल्मोड़ा:: अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। चायखान-बलिया बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया गांव के पास एक मारुति ऑल्टो कार (यूके 04 जेड-5819) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे बलिया गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसा सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्गम खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी घायलों व मृतकों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी बलिया गांव के रहने वाले थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजेंद्र सिंह बेलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह बेलवाल, जगदीश सिंह (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह, लछम सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह और पान सिंह (50) पुत्र बिशन सिंह के रूप में हुई है।
इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि मृतकों में शामिल राजेंद्र सिंह बेलवाल का 18 वर्षीय बेटा सचिन बेलवाल भी उसी कार में सवार था। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ गोपाल सिंह (45) पुत्र खीम सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दोनों घायलों को खाई से निकालकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लमगड़ा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि कार तकनीकी खराबी के कारण खाई में गिरी या फिर तेज रफ्तार अथवा किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, इसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
