एआई इमेज
नैनीताल: भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विभाग ने 2 और 3 जुलाई को जिले के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दोनों दिनों के दौरान जिले में तेज बारिश के साथ भूस्खलन और पेड़ों के गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे कई मोटर मार्ग बाधित होने की आशंका है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़कें जल्द से जल्द खोली जा सकें।
जिलाधिकारी ने जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन (IRS) के नामित अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालय में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा प्रत्येक घंटे आपदा संबंधी जानकारी तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
आपातकालीन हेल्पलाइन
- जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र: 05942-231178 / 231179 / 231181
- मोबाइल: 8272080884
- टोल फ्री नंबर: 1077
