चमोली: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की धनराशि से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में अब पुलिस जांच शुरू हो गई है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले बीकेटीसी ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू कर दी थी।
मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर 8 जुलाई 2026 को बदरीनाथ थाने में एफआईआर संख्या 0006 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 306 और 316(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीकेटीसी के अनुसार, 2 जुलाई को सोशल मीडिया पर बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई थी। समिति की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि संबंधित कर्मचारी ने सुबह करीब 9 बजे से 9:30 बजे के बीच मंदिर की धनराशि को कथित रूप से अनधिकृत तरीके से उठाया था। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद 7 जुलाई को बीकेटीसी ने प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। समिति का कहना था कि यदि उन्हें पद पर बने रहने दिया जाता, तो निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती थी। इसके बाद पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी गई।
अब मामला केवल विभागीय जांच तक सीमित नहीं है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है। वहीं बीकेटीसी भी अपनी विभागीय जांच समानांतर रूप से जारी रखे हुए है।
जाने क्या है बदरीनाथ मे चढ़ावा चोरी मामला:
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम में भक्तों द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान की धनराशि में हेरफेर या चोरी का कथित आरोप है. इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति यानी BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया. उत्तराखंड सरकार एक उच्च स्तरीय जांच समिति से इस मामले की जांच करा रही है.
हिंदूवादी संगठन ‘भैरव सेना’ ने मंदिर समिति के कर्मचारियों पर चढ़ावे की गिनती में पैसों की हेराफेरी का आरोप लगाया था. आरोप लगने के बाद, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को सस्पेंड कर दिया गया. गहन जांच के लिए गढ़वाल मंडल के कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय जांच टीम गठित है. दान और चढ़ावे वाले स्थान के CCTV फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं.
