चमोली: चमोली जिले के नारायणबगड़ से शनिवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के पास स्थित सरकारी आवास के पीछे बनी क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसके नीचे दब गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। हालत नाजुक होने पर 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के रूप में तैनात थे। क्षेत्र के लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ डॉक्टर के रूप में जानते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने हमेशा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का प्रयास किया और हर जरूरतमंद की मदद के लिए तत्पर रहते थे।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में शोक का माहौल बन गया। स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती, जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र कनेरी समेत कई जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने डॉ. डिमरी के निधन पर गहरा दुख जताया। सभी ने उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित चिकित्सक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। सीएमओ ने इसे स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, उनके सहयोगियों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोग उन्हें एक ऐसे डॉक्टर के रूप में याद कर रहे हैं, जिन्होंने हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाया।
