देहरादून: उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श के लिए संचालित 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं 12 जुलाई तक आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की ओर से हेल्पलाइन के तकनीकी ढांचे को मजबूत करने के लिए आवश्यक मरम्मत और अपग्रेडेशन का कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान कॉल रिसीव करने और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कुछ समय की देरी हो सकती है।
104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरिता सक्सेना ने बताया कि तकनीकी कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। कोशिश है कि सभी काम तय समय के भीतर पूरा कर हेल्पलाइन सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य कर दिया जाए।
उन्होंने बताया कि 104 हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेशभर के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी और शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में तकनीकी कार्य पूरा होने तक लोगों को सेवाओं में थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
एनएचएम ने नागरिकों से अपील की है कि हेल्पलाइन पर संपर्क करते समय यदि कॉल रिसीव होने में देरी हो तो धैर्य बनाए रखें। तकनीकी कार्य पूरा होते ही सेवाएं पहले की तरह सुचारु रूप से संचालित की जाएंगी।
