नैनीताल: हल्द्वानी से लेकर नैनीताल तक सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद रविवार दोपहर नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर भुजियाघाट में एक और बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक टवेरा कार और बुलेट बाइक करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरे, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर भुजियाघाट क्षेत्र में हल्द्वानी की ओर से आ रही टवेरा कार अचानक गलत दिशा में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रही बुलेट बाइक से टक्कर होने पर कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार तथा बाइक दोनों सड़क से नीचे करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर टवेरा कार (यूके 04 टीए 3921) और बुलेट बाइक (यूके 04 वाई 6350) खाई में गिरी मिलीं। पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
घायल बाइक चालक की पहचान पुराण चंद्र जोशी पुत्र रेवधार जोशी, निवासी भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार चालक के गलत दिशा में वाहन चलाने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
