देहरादून दीपक हत्याकांड
देहरादून: पटेलनगर थाना क्षेत्र के देवऋषि एन्क्लेव में बुधवार शाम एक कारोबारी की घर के अंदर चाकू से हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना थाना परिसर से करीब 150 मीटर की दूरी पर हुई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पटेलनगर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने मौके से रोहन प्रजापति, निवासी माजरा, पटेलनगर को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी की पहचान इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। बताया जा रहा है कि दीपक ने ही रोहन को अपने घर बुलाया था। पुलिस अब दोनों के बीच संबंध, चैट हिस्ट्री, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है ताकि हत्या की असली वजह सामने आ सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब पांच बजे घर से चीखने की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर पटेलनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दीपक गुप्ता मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले थे और वर्ष 2004 से देहरादून में रह रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि उनका अपनी पत्नी से करीब सात-आठ वर्ष पहले तलाक हो चुका था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की पड़ताल की जा रही है और घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
