हल्द्वानी: शहर के बेस अस्पताल में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शराब के नशे में दवा लेने पहुंच गया। आरोप है कि युवक सीधे महिलाओं की कतार में घुसने लगा। महिलाओं ने विरोध किया तो वह उनसे बहस करने लगा और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ओपीडी काउंटर पर दवा लेने आया था। नशे की हालत में उसने लाइन में लगे अन्य मरीजों की अनदेखी करते हुए महिलाओं की कतार में आगे जाने की कोशिश की। इस पर वहां मौजूद महिलाओं ने आपत्ति जताई, जिसके बाद युवक ने बहस शुरू कर दी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर तैनात होमगार्ड जवान और अस्पताल कर्मचारी तुरंत पहुंचे। उन्होंने युवक को लाइन से बाहर निकाला और काफी देर तक समझाकर शांत करने का प्रयास किया। स्थिति सामान्य होने के बाद युवक को अस्पताल परिसर से बाहर भेज दिया गया।
घटना के बाद अस्पताल में मौजूद महिला मरीजों और उनके परिजनों ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की। उनका कहना था कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटनाएं मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं।
बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की अराजकता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों और होमगार्ड को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है या कर्मचारियों एवं मरीजों से अभद्र व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
