नैनीताल। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को नैनीताल में छात्रों, स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मल्लीताल स्थित ओपन थिएटर से तल्लीताल गांधी प्रतिमा तक रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
रैली में शामिल लोगों ने विभिन्न बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं का आरोप था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। उनका कहना था कि लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस के गोले और पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हुए। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
रैली के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई और कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
