बागेश्वर: मौसम विभाग द्वारा भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 29 जुलाई (बुधवार) को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई को जनपद बागेश्वर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील भी की है।
