नैनीताल: तल्लीताल कोतवाली क्षेत्र के डोलमार गांव में एक महिला ने हल्द्वानी निवासी युवती पर घर में घुसकर मारपीट करने और ईंट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता हेमा जीना, निवासी डोलमार गांव, ने तल्लीताल कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे हल्द्वानी निवासी एक युवती उसके देवर के साथ उनके घर पहुंची। आरोप है कि युवती घर में ही रहने की जिद करने लगी।
महिला के अनुसार, परिवार के लोगों ने बिना विवाह साथ रहने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवती ने जमीन पर पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
घटना के बाद आरोपी युवती मौके से फरार हो गई। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
तल्लीताल कोतवाली के प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
