देहरादून: उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के आठ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि राज्यभर में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 111 सड़कें बंद हो गई हैं। कई नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर पड़ने की चेतावनी दी गई है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश होने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विभाग के अनुसार 3 अगस्त तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटों में देहरादून के मालदेवता में सबसे अधिक 233.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हाथीबड़कला में 194.5 मिमी, जौलीग्रांट में 172.2 मिमी और मसूरी में 163.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखने को मिला। ऊखीमठ में 120 मिमी, डीडीहाट में 102 मिमी, धनोल्टी में 88 मिमी, हल्द्वानी और थल में 83 मिमी, चमोली में 80.6 मिमी तथा तेजम में 73 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य कई क्षेत्रों में भी 50 से 72 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते राज्य में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्य मार्ग समेत कुल 111 सड़कें बंद हैं। इनमें 76 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
सबसे अधिक असर देहरादून जिले में है, जहां एक राष्ट्रीय राजमार्ग और पांच राज्य मार्ग सहित 27 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा चमोली में 12, टिहरी में 17, पिथौरागढ़ में 16, नैनीताल में 7, बागेश्वर में 8, पौड़ी में 6, रुद्रप्रयाग में 5 और उत्तरकाशी में 11 सड़कें बाधित हैं।
लगातार बारिश से कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी और अलकनंदा, चमोली में पिंडर, जबकि पिथौरागढ़ में काली, गोरी और सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
