रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर के छोई क्षेत्र में देर रात हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला और उसका 18 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना रामनगर के मोतीपुर छोई क्षेत्र की है। देर रात अचानक हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया। इसी दौरान महिला और उसका बेटा करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि दोनों मरीज गंभीर रूप से झुलसे हुए थे। जांच में उनके शरीर पर करीब 60 से 70 प्रतिशत तक बर्न इंजरी पाई गई। डॉक्टरों के अनुसार बेटे की हालत अधिक गंभीर थी, जबकि महिला की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी।
प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से क्षेत्र की हाईटेंशन लाइनों और जर्जर तारों की तत्काल जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते बिजली लाइनों की मरम्मत और निगरानी नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं.
