हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में चंडीगढ़ से आए चार नाबालिग कांवड़ यात्रियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। घटना ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ से करीब 17 कांवड़ यात्रियों का एक दल गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचा था। गंगाजल भरने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जटवाड़ा पुल के पास दल के कुछ सदस्य स्नान करने के लिए गंगनहर में उतर गए।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों से भारी मात्रा में गाद आने के कारण गंगनहर को बंद किया गया था। हालांकि, नहर में कई स्थानों पर गहरे गड्ढों में पानी भरा हुआ था। स्नान के दौरान चारों किशोर अनजाने में ऐसे ही एक गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
मृतकों की पहचान शिवांशु (16 वर्ष) पुत्र पवन सिंह, नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश (निवासी सेक्टर-16, चंडीगढ़) और रोहित पुत्र भवानी प्रजापति (निवासी सेक्टर-26/30, चंडीगढ़) के रूप में हुई है। सभी की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है।
हादसे के बाद पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि गंगनहर, नदी या अन्य जल स्रोतों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रतिबंधित या असुरक्षित स्थानों पर पानी में उतरने से बचें।
