नैनीताल: हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर बल्दियाखान क्षेत्र में एक विशाल चीड़ का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्थिति को देखते ही मौके पर रुककर राहत कार्य की कमान संभाल ली। उन्होंने वहीं से जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाने और यातायात जल्द से जल्द सुचारु कराने के निर्देश दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और भारी-भरकम चीड़ के पेड़ को हटाने का अभियान शुरू किया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते राहत कार्य तेजी से आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से जबरन निकलने का प्रयास करने लगे। संभावित खतरे को देखते हुए आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं आगे बढ़कर उन्हें रोका और समझाया कि ऐसी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से राहत कार्य पूरा होने तक धैर्य रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
मार्ग बंद होने से फंसे यात्रियों को भी आयुक्त ने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है और सड़क को जल्द यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने पेड़ हटाने के बाद मार्ग को जल्द से जल्द सामान्य करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
