भीमताल: भीमताल क्षेत्र के चांफी स्थित बरसाती गधेरे में रविवार को नहाने के दौरान एक 20 वर्षीय बीएससी छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हल्द्वानी के मुखानी निवासी आदित्य पाठक के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आदित्य भीमताल के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में बीएससी का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ चांफी घूमने गया था। इस दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को गधेरे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
एसआई महेंद्र राज सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
