नैनीताल: सरोवर नगरी में 30 अगस्त को 15वीं माउंटेन मानसून मैराथन का आयोजन किया जाएगा। रन टू लिव संस्था की ओर से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से 1200 से 1300 धावकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता को लेकर रविवार को न्यू क्लब मल्लीताल में आयोजकों ने पत्रकार वार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी।
आयोजकों के अनुसार इस बार प्रतियोगिता में 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके अलावा रन फॉर फन की विभिन्न श्रेणियां भी होंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए कुल 5.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
आयोजक हरीश तिवारी ने बताया कि मैराथन के लिए अब तक ऑनलाइन माध्यम से करीब 450 धावक पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बाद स्थानीय प्रतिभागियों के पंजीकरण भी किए जाएंगे।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार प्रतियोगिता में करीब 1200 से 1300 धावक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले धावक भी शामिल होंगे।
मैराथन में अलग-अलग आयु वर्गों के लिए श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। 40, 50 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के धावकों के लिए अलग वर्ग बनाए गए हैं। 10 किलोमीटर की दौड़ में भी अलग-अलग आयु वर्गों में मुकाबले होंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य नैनीताल को पर्वतीय दौड़ के प्रमुख आयोजन स्थल के रूप में पहचान दिलाना भी है।
21 किलोमीटर की दौड़ इस वर्ष अपने मौजूदा स्वरूप में अंतिम बार आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार अगले वर्ष से इसे बढ़ाकर 42 किलोमीटर की फुल मैराथन कराने की तैयारी है।
इसके जरिए प्रतियोगिता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
21 किलोमीटर की मैराथन डीएसए मैदान से शुरू होकर माल रोड, तल्लीताल चर्च, स्नो व्यू, टांकी बैंड, पंगोट रोड, बारापत्थर, अरविंदो आश्रम, एयार जंगल, शेरवुड कॉलेज और राजभवन होते हुए जिला कोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद धावक ठंडी सड़क से होते हुए वापस डीएसए मैदान पहुंचेंगे, जहां दौड़ समाप्त होगी।
स्थानीय प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर और पंजीकरण से वंचित स्थानीय प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से निशुल्क पंजीकरण की सुविधा भी दी जाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान सागर देवरारी, अजय साह, इंतखाब आलम, कमलेश तिवारी, शाहिद रहमान, हसन रजा, मुदित जगाती, मोहित जगाती, मनीष साह, दिवांशु जोशी और वीरेंद्र साह सहित संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
