नैनीताल: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी दौरे से पहले एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं के धरने और प्रदर्शन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध तेज हो गया है। रविवार को रामनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर विरोध जताया। वहीं भवाली में भी भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
रामनगर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता लखनपुर चुंगी पर एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और गणेश गोदियाल का पुतला फूंका।
इस दौरान विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के व्यवहार से हर कोई हैरान है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के वरिष्ठ नेता ही इस तरह का व्यवहार करेंगे तो उनके कार्यकर्ता उनसे क्या अनुशासन सीखेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी कार्यालय में जबरन प्रवेश कर अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने पुलिस से एसएसपी कार्यालय में घुसकर कथित तौर पर अराजकता फैलाने वाले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
वहीं भवाली में भाजपा भवाली मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस नेताओं का पुतला दहन किया। मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कप्तान के कार्यालय और आवास पर जाकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के इस कथित व्यवहार से प्रदेश के लोगों में आक्रोश है। भाजपा नेताओं ने संबंधित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में जनसभा के बीच एसएसपी कार्यालय में हुए विवाद को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा ने जहां कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।
