अल्मोड़ा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय जैंती, अल्मोड़ा प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार के संरक्षण में समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय परिवार ने प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान परिसर में देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व और देश की आजादी के संघर्ष पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा, सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. योगेश राणा और डॉ. दर्शना पन्त ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं डॉ. रितेश टम्टा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के दायित्वों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज जोशी ने किया।
समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कुमाऊंनी लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली। रेखा जन्तवाल, कविता मेहरा और कंचना ने कुमाऊंनी नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं डॉ. मनोज जोशी, योगाचार्य संजय कुमार, सूरज कुमार, मनीष कुमार और दिनेश कुमार ने कुमाऊंनी गीत पर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोकसंस्कृति और देशभक्ति का संगम प्रस्तुत किया।
प्रस्तुतियों के दौरान छात्र-छात्राओं ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। जैंती ग्राम सभा से पहुंचे डॉ. सुरजीत विश्वास ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. दर्शना पन्त, डॉ. प्रेमा कैड़ा, अजय गिरी, जया राणा, डॉ. विजयलक्ष्मी, आरती और मनीषा समेत महाविद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं में संजय बिष्ट, देवेंद्र नेगी, सूरज कुमार, मनीष कुमार, दिनेश कुमार, तानिया नेगी, सरिता कुंजवाल, रेखा जन्तवाल और कविता मेहरा समेत करीब 70 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरित किया गया। राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार की एकजुटता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना नजर आई।

