नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 16 अगस्त को नैनीताल जनपद के दौरे पर रहेंगे। अपने भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री गोलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस में कुमाऊं संभाग के भाजपा जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों एवं विधायकों के साथ भी अलग-अलग बैठक कर विकास कार्यों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे।
प्रभारी अधिकारी, जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 8:40 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय देहरादून से कार द्वारा जीटीसी हैलीपैड के लिए रवाना होंगे। यहां से सुबह 8:55 बजे हेलीकॉप्टर से नैनीताल के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 9:55 बजे रा.इ.का. लाखनमंडी, चोरगलिया हेलीपैड पहुंचेगा। यहां से वह कार द्वारा 10:05 बजे रवाना होकर करीब 10:10 बजे नंधौरगढ़ पैलेस, गोलापार पहुंचेंगे।
नंधौरगढ़ पैलेस में मुख्यमंत्री कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक में शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विषयों और क्षेत्र की राजनीतिक एवं विकास संबंधी स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक लोकसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के सांसद और विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
इसके पश्चात शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक मुख्यमंत्री लोकसभा क्षेत्र नैनीताल के सांसद और विधायकों के साथ बैठक में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में क्षेत्र के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठनात्मक विषयों को लेकर चर्चा की जाएगी। सांसदों और विधायकों के साथ बैठक में क्षेत्र की विकास संबंधी प्राथमिकताओं और योजनाओं की प्रगति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

