नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत से बने शेर नाला डबल लेन पुल का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में बने डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया। 120 मीटर स्पान वाले इस पुल के निर्माण पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत आई है।
बरसात के दौरान शेर नाला के उफान पर आने से इस मार्ग पर अक्सर आवागमन बाधित हो जाता था। पुल नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था और कई बार उन्हें वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता था।
नए पुल के निर्माण से अब बारिश के दौरान इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। इससे चोरगलिया क्षेत्र के लोगों के साथ ही हल्द्वानी, सितारगंज और मुक्तेश्वर समेत आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

