हरिद्वार: के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे एक महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। महिला का शव कांवड़ पटरी के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए महिला की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है।
मृतका की पहचान कविता तोमर पत्नी अरविंद पवार, निवासी नर रेशमपुर, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे गंगनहर पटरी से गुजर रहे राहगीरों की नजर झाड़ियों में पड़े महिला के शव पर पड़ी। शव दिखाई देने के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के शव के पास कपड़ों से भरा एक थैला भी बरामद हुआ। तलाशी लेने पर थैले में महिला के कपड़ों के अलावा एक पुरुष की जींस और शर्ट भी मिली। दोनों पर खून के निशान बताए जा रहे हैं।
पुलिस इस बरामदगी को जांच के अहम सुराग के तौर पर देख रही है। आशंका है कि महिला किसी परिचित व्यक्ति के साथ कहीं गई थी और बाद में विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से गंगनहर किनारे झाड़ियों में फेंका गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कांवड़ पटरी और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला घटनास्थल तक किसके साथ पहुंची थी और हत्या के बाद शव को वहां कैसे लाया गया।
पुलिस ने मामले में महिला की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और वारदात में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गंगनहर किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिला है। महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

