नैनीताल: शहर की लोअर मॉल रोड के निर्माण एवं मरम्मत कार्य में हो रही देरी के विरोध में मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन का धरना बुधवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान उन्होंने कुछ घंटों के लिए मौन धारण कर विरोध जताया। वहीं, उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर आगामी नंदा देवी डोले से पहले मार्ग को सुचारु और सुरक्षित करने की मांग की।
पुनीत टंडन का कहना है कि लोअर मॉल रोड का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है और लंबे समय से सड़क का एक हिस्सा बंद है। इससे व्यापारियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी नंदा देवी महोत्सव को देखते हुए सड़क की स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि मां नंदा-सुनंदा का डोला अपने पारंपरिक मार्ग से होकर गुजरता है, जिसमें लोअर मॉल रोड का निर्माणाधीन हिस्सा भी शामिल है। इस वर्ष डोला 23 सितंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में व्यापार मंडल ने मांग की है कि इससे पहले सड़क को हर हाल में सुरक्षित, साफ और पैदल आवाजाही के योग्य बनाया जाए, ताकि ऐतिहासिक और धार्मिक यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
धरने के बीच लोक निर्माण विभाग ने लोअर मॉल रोड को लेकर नई समयसीमा भी बताई है। अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार पंत की ओर से व्यापार मंडल को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि माइक्रोपाइलिंग और आरसीसी स्लैब का कार्य पूरा करने के बाद 10 अक्टूबर तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए खोलने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
वहीं, नंदा देवी डोले को देखते हुए विभाग की ओर से 23 सितंबर से पहले सीमित पैदल यात्रियों के लिए मार्ग सुरक्षित रूप से खोलने की तैयारी की जा रही है। इससे डोले के पारंपरिक मार्ग पर आवाजाही सुचारु रखने की कोशिश की जाएगी।
लोनिवि ने निर्माण कार्य में देरी के पीछे तकनीकी परिस्थितियों, डिजाइन में बदलाव और अतिरिक्त कार्यक्षेत्र को प्रमुख कारण बताया है। विभाग की ओर से व्यापार मंडल से धरना समाप्त कर निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील भी की गई है।
लिखित आश्वासन मिलने के बाद पुनीत टंडन ने कहा कि अब वह अनशन पर नहीं बैठेंगे, लेकिन धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से लिखित आश्वासन मिला है और आगे की रणनीति सहयोगियों से बातचीत के बाद तय की जाएगी।

