हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के साथ छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। चुनावी माहौल के बीच परिसर में विवाद और टकराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार को कोषाध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद के दौरान एक छात्रा से अभद्रता किए जाने के आरोप के बाद कॉलेज में हंगामा खड़ा हो गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार को कोषाध्यक्ष पद के दावेदारों के समर्थक छात्र-छात्राओं के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान एक छात्रा समर्थक के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया, जिसके बाद मामला और गरमा गया।
कॉलेज परिसर में हंगामे की सूचना मिलने पर प्रॉक्टर बोर्ड और कॉलेज कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस एक छात्र को हिरासत में लेकर भोटिया पड़ाव चौकी ले गई।
घटना के बाद छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर में बाहरी युवकों के आने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बाहरी युवकों के परिसर में पहुंचने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। छात्र नेताओं ने छात्राओं के साथ अभद्रता की घटनाओं को लेकर भी कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उनका कहना है कि प्रवेश और चुनावी गतिविधियों के बीच कॉलेज प्रशासन को परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती करनी चाहिए, ताकि किसी तरह का विवाद न हो।
विवाद के बाद पीड़ित छात्रा ने कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी को लिखित शिकायत दी। छात्रा ने शिकायत में चार युवकों के नाम दर्ज कराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामला प्राचार्य कक्ष तक पहुंचने के बाद कॉलेज प्रशासन ने छात्रा को कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्राचार्य के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई। फिलहाल पुलिस और कॉलेज प्रशासन मामले से जुड़े आरोपों की जानकारी जुटा रहे हैं।

