देहरादून/रुड़की: उत्तराखंड में सड़क हादसों ने एक बार फिर कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है। देहरादून और रुड़की में हुए दो अलग अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में कैनाल रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी और बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के दौरान स्कूटी पर सवार दो महिलाएं घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान 26 वर्षीय नैना राजपूत निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला की मौत हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक सुमित यादव और उसके साथी हाशिम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चालक ने बताया कि कार के ब्रेक काम नहीं करने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
उधर, रुड़की में भी तेज रफ्तार ने तीन युवकों की जान ले ली। यहां दो बाइकों की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह और दुर्घटना के दौरान बाइक की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

