Oplus_131072
अल्मोड़ा: जिले के स्याल्दे विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमटी के फूलाई गांव में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ घर के अंदर घुस आया। घर में सो रही 88 वर्षीय परुली देवी पर तेंदुए ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, फूलाई गांव निवासी परुली देवी पत्नी स्व. आन सिंह रात करीब तीन बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर पहुंच गया। तेंदुए ने वृद्धा के सिर पर हमला किया और उनके हाथों पर भी पंजे मारकर उन्हें घायल कर दिया।
वृद्धा के शोर मचाने पर घर में सो रही उनकी बहू की नींद खुल गई। उसने शोर सुनकर आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल परुली देवी को उपचार के लिए भिकियासैंण अस्पताल ले गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वृद्धा को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रामनगर रेफर कर दिया। बताया गया है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घर के अंदर तेंदुए के घुसकर बुजुर्ग महिला पर हमला करने की घटना से ग्रामीणों में डर का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आसपास के इलाकों में तेंदुए की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और गांव में लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
ग्राम प्रधान अमन बिष्ट ने भी वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण खासकर रात के समय लोगों को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी अस्पताल पहुंचे और घायल वृद्धा का हाल जाना। इसके बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में तेंदुए की तलाश और निगरानी के लिए गश्त शुरू कर दी।
रेंजर के अनुसार, तेंदुए की सक्रियता वाले इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। क्षेत्र में जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा, ताकि तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई की जा सके।
लगातार बढ़ रही तेंदुए की गतिविधियों के बीच ग्रामीणों ने वन विभाग से रात के समय गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

