नैनीताल: जिले के ओखलकांडा क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने डंडे से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और वारदात के बाद अपने 10 वर्षीय बेटे को किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी देकर फरार हो गया। बच्चा काफी देर तक इस बात से अनजान रहा कि उसकी मां की मौत हो चुकी है।
मामला 21 अगस्त की रात का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, ओखलकांडा क्षेत्र निवासी भीम सिंह का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी डिक्री देवी से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने अपने 10 वर्षीय बेटे को किसी को घटना के बारे में बताने पर धमकाया। इसके बाद अगले दिन सुबह वह घर से निकल गया और फरार हो गया।
बच्चा पूरे दिन घर में ही रहा। उसे काफी देर तक यही लगता रहा कि उसकी मां सो रही है। शाम तक जब महिला नहीं उठी तो बच्चे ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों को घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने महिला के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस ने आरोपी की तस्वीर जारी कर आसपास के क्षेत्रों में पंपलेट भी वितरित किए हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ पुलिस टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

