अल्मोड़ा में मकान ढहने से मां-बेटी समेत 3 की दर्दनाक मौत
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सोमेश्वर क्षेत्र के वडयूडा गांव में एक मकान अचानक ढह गया, जिसके मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
बताया गया कि मंगलवार सुबह डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम (डीसीआर) और आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना मिली कि वडयूडा गांव में एक मकान गिर गया है और उसके मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों ने घटनास्थल की ओर रुख किया।
घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले ही मोटर मार्ग पर मलबा आने के कारण रास्ता बाधित था। इसके चलते एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमों को जरूरी रेस्क्यू उपकरण लेकर पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा।
मौके पर पहुंचने के बाद टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ समन्वय कर मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों ने मलबे के नीचे से तीन लोगों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी, 19 वर्षीय कल्पना आर्या और 18 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है।
रेस्क्यू टीम के अनुसार, गुलाब राम मकान के बाहर बने कमरे में सो रहे थे, जिसके चलते वह सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने से राहत एवं बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और शवों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।

