प्रतीकात्मक तस्वीर.
भीमताल: नैनीताल जिले के भीमताल में मंगलवार सुबह बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। भीमताल बाईपास पर नाले के तेज बहाव में बहने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को बहता देख परिजनों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन बच्ची की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर झील किनारे बोट स्टैंड के पास पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीमताल बाईपास क्षेत्र में नाले का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसी दौरान तीन वर्षीय पल्लवी पुत्री भुवन कुमार, निवासी बाईपास, तेज बहाव की चपेट में आ गई।
बच्ची को बहता देखकर परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते दूर निकल गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बच्ची की तलाश में पुलिस और परिजन जुटे रहे। तेज बहाव के कारण बच्ची घटनास्थल से बहकर करीब आधा किलोमीटर दूर पहुंच गई। बाद में उसका शव झील किनारे बोट स्टैंड के पास मिला।
पुलिस बच्ची को अचेत अवस्था में भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी के डॉक्टर जितेंद्र के मुताबिक, करीब 11:30 बजे स्थानीय लोग और भीमताल पुलिस बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बच्ची को बचाने के लिए सीपीआर और वाइटल इंजेक्शन की मदद से प्रयास किया गया, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। इसके बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान नालों और जलधाराओं के बढ़ते खतरे को सामने ला दिया है।

