नंगे पैर हनुमान अंश देखता दिखा मुस्लिम शख्स
नई दिल्ली: बाबा नीम करोली के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित फिल्म हनुमान अंश इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार देखने को मिल रहा है। इसी बीच थिएटर के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक मुस्लिम शख्स फिल्म देखते हुए नजर आ रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
वायरल वीडियो में एक मुस्लिम व्यक्ति सिनेमा हॉल के अंदर हनुमान अंश फिल्म देखता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने सफेद कुर्ता-पायजामा पहना हुआ है और सिर पर सफेद टोपी है। खास बात यह है कि वह थिएटर की सीट पर बिल्कुल नंगे पैर बैठा नजर आ रहा है।
वीडियो में शख्स पूरी तरह फिल्म देखने में लीन दिखाई देता है। उसके आसपास मौजूद लोग भी फिल्म देख रहे हैं, जबकि किसी के द्वारा बनाए जा रहे वीडियो की उसे खास परवाह होती नहीं दिख रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग इसे आस्था, सम्मान और आपसी भाईचारे से जोड़कर देख रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “यह राजनीति से परे असली भारत की तस्वीर है।”
वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि दशकों से चल रहे राजनीतिक ध्रुवीकरण के बावजूद लोगों के बीच इंसानियत और आपसी सम्मान की भावना को खत्म नहीं किया जा सका है। कई सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि आस्था और सम्मान किसी एक धर्म तक सीमित नहीं हैं और यह वीडियो भारत की साझा संस्कृति की एक तस्वीर पेश करता है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स की पहचान और उसके नंगे पैर बैठने की वास्तविक वजह की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
फिल्म हनुमान अंश को लेकर इन दिनों सीट नंबर 9 भी चर्चा में है। मल्टीप्लेक्स चेन मिराज सिनेमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया था कि उनके थिएटर में सीट नंबर 9 को नीम करोली बाबा के लिए रिजर्व रखा गया है। थिएटर प्रबंधन का मानना है कि महाराज जी अपने भक्तों के साथ बैठकर फिल्म देख रहे हैं। इसी वजह से सीट नंबर 9 को खाली रखा जा रहा है।
फिल्म से जुड़े इस तरह के वीडियो और थिएटर की यह पहल सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं वायरल वीडियो में मुस्लिम शख्स का फिल्म देखते हुए नजर आना भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

