9 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन, प्रत्येक वर्ग में पहले 15 प्रतिभागियों को मिलेगा मौका
नैनीताल। युगमंच और शारदा संघ के संयुक्त तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोकगीत एवं सुगम संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। शारदा संघ सभागार में 12 और 13 सितंबर को होने वाली इन प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। युगमंच की रंग यात्रा के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार आयोजन को विशेष रूप से भव्य बनाया जा रहा है।
युगमंच के उपाध्यक्ष नवीन बेगाना ने बताया कि 12 सितंबर, शनिवार को शाम चार बजे से लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता को 15 वर्ष से कम और 15 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्गों में बांटा गया है। प्रतिभागी गढ़वाली, कुमाऊंनी या जौनसारी लोकगीत प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रतिभागियों को प्रस्तुति के गीत के बोल आवेदन पत्र के साथ पहले से जमा करने होंगे।
वहीं 13 सितंबर, रविवार को शाम चार बजे से सुगम संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें भी 15 वर्ष से कम और 15 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्ग होंगे। प्रतिभागी भजन अथवा गजल प्रस्तुत कर सकेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए भी प्रस्तुति के बोल आवेदन पत्र के साथ देना अनिवार्य होगा।
विजेताओं को मिलेंगे नगद पुरस्कार
युगमंच के सचिव मनोज कुमार मनु ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1200 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 800 रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
इसी तरह जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1500 रुपये, द्वितीय को 1000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 600 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
9 सितंबर तक जमा करना होगा आवेदन
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 9 सितंबर तक 200 रुपये आवेदन शुल्क के साथ अपना आवेदन पत्र जमा करना होगा। शारदा संघ के उपाध्यक्ष चंद्र लाल शाह ने बताया कि आवेदन पत्र शारदा संघ कार्यालय अथवा इंतखाब क्लॉथ स्टोर, गाड़ी पड़ाव से प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्रतियोगिता में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रत्येक वर्ग में अधिकतम 15 प्रतिभागियों को ही अवसर दिया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट का समय मिलेगा।
आयोजन को सफल बनाने में प्रायोजक चंद्रेश शाह ‘शक्ति’ के साथ प्रो. देवेंद्र बिष्ट, चंद्र लाल शाह, जहूर आलम, भास्कर बिष्ट, नवीन बेगाना, मनोज कुमार, डॉ. हिमांशु पांडे, रफत आलम, डीके शर्मा, राजा शाह सहित अन्य लोग सहयोग कर रहे हैं।

