फोटो : साेशल मीड़िया
हल्द्वानी: हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मेरठ निवासी सागर प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2024 में किशोरी की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिये मेरठ निवासी सागर प्रजापति से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक कई बार नैनीताल और हल्द्वानी आया।किशोरी ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे अलग-अलग होटलों में लेकर गया और वहां शादी करने का वादा किया। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी के मुताबिक, जुलाई 2025 में आरोपी ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया। इसके बाद वह युवक के मेरठ स्थित घर पहुंची। शिकायत के अनुसार, वहां आरोपी के परिवार की ओर से भी उसके बालिग होने पर शादी कराने का भरोसा दिया गया था। हालांकि, आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद किशोरी ने हल्द्वानी पुलिस से शिकायत की।
मामले में पुलिस ने किशोरी की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस की एक टीम भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

