नैनीताल: मौसम विभाग की ओर से 5 सितंबर 2026 को नैनीताल जिले में अतिवृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शनिवार, 5 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों में 5 सितंबर को अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह अवकाश आदेश लागू नहीं होगा।
इसके अलावा ऐसे विद्यालय भी इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। इन संस्थानों में पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार शैक्षणिक कार्य संचालित होंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


