चुनावी प्रचार की आड़ में हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा
हल्द्वानी: आगामी छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने चुनावी प्रचार के दौरान हुड़दंग और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में शनिवार रात 11 बजे से रविवार रात 2 बजे तक ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, चुनाव प्रचार के दौरान कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर और होर्डिंग लगाने, वाहनों से जिग-जैग तरीके से वाहन चलाकर हुड़दंग करने, आम लोगों और फड़-फेरी वालों से अभद्रता करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित करने की शिकायतें सामने आई थीं। पुलिस ने इन गतिविधियों को छात्रसंघ चुनाव की शांतिपूर्ण प्रक्रिया के लिए चुनौती मानते हुए अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहन सीज किए गए। इसके अलावा क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग और अराजकता करने वाले पांच लोगों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को कोतवाली हल्द्वानी में दो मुकदमे भी दर्ज किए गए। पहला मुकदमा मुकेश पांडे और 18 अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा सार्वजनिक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत अमन चंद्र और सात अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया।
अभियान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चलाया गया।
नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, यातायात बाधित करने, आम लोगों के साथ अभद्रता या चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

