जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से अंतिम विदाई.
हल्द्वानी: नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग, मीडिया जगत और विभिन्न सरकारी विभागों में शोक की लहर है। 12 सितंबर की दोपहर हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया था। रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रविवार सुबह करीब 8 बजे उनकी अंतिम यात्रा बीके पुरम स्थित आवास, रेनबो पब्लिक स्कूल के पास, बिठोरिया नंबर-1 से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।
चित्रशिला घाट पर परिजनों और मौजूद लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत जनपद के पत्रकार और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख जताया और उनके कार्यकाल एवं सेवाओं को याद किया। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से सूचना विभाग और स्थानीय मीडिया जगत में गहरा शोक है।
स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

