नैनीताल। देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की 21 वर्षीय प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके परिजन और लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल भी मौजूद रहे।
कैंची धाम पहुंचने पर अनुप्रिया नागर ने बाबा नीम करौली महाराज की आध्यात्मिक महिमा और धाम के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस और उत्तराखंड पुलिस की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की।
दर्शन के बाद अनुप्रिया नागर ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता, उसकी विषय-वस्तु और उद्देश्य के बारे में जानकारी साझा की। फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अनुप्रिया नागर, उनके परिजनों और सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता और सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा नीम करौली महाराज की पावन भूमि पर आकर दर्शन करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

