हल्द्वानी: तिकोनिया में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने खुद को खुफिया ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर रौब गांठ रहे रामपुर निवासी 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, फर्जी पहचान पत्र और खुफिया ब्यूरो से संबंधित कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस ने कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे उपनिरीक्षक कृपाल सिंह टीम के साथ तिकोनिया में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से कार संख्या यूपी 25 सीएस 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा था।
पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की। युवक ने अपना नाम मोहासिब खान पुत्र मोहम्मद अयूब खान (24) निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। उसने खुद को खुफिया ब्यूरो का अधिकारी बताते हुए पहचान पत्र भी दिखाया। पद और विभाग से जुड़ी जानकारी पूछे जाने पर युवक के जवाब संदिग्ध लगे। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। डैशबोर्ड से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन और खुफिया ब्यूरो से संबंधित कागजात बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एयरगन रौब दिखाने के लिए रखता था। उसके पास मिले पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज भी फर्जी पाए गए। पुलिस का कहना है कि इन कागजात का इस्तेमाल खुद को खुफिया ब्यूरो का जवान बताकर लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए किया जा रहा था। वाहन के दस्तावेज मांगने पर युवक उन्हें भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। पुलिस ने करीब रात 12:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद एयरगन, पहचान पत्र और अन्य कागजात को कब्जे में लेकर सील किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 168, 318(3), 319(2) और 336(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी पहचान पत्र और खुफिया ब्यूरो से जुड़े दस्तावेज कहां से तैयार कराए थे और क्या उसने पहले भी इस पहचान का इस्तेमाल कहीं किया है।

