हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। साइबर ठगों ने उन्हें वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर अलग-अलग भुगतान के नाम पर 1.40 लाख रुपये जमा करा लिए। ठगी का पता चलने के बाद महिला ने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
महिला ने शनिवार को मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया कि 3 सितंबर को उनके मोबाइल पर वर्क फ्रॉम होम से जुड़ा एक विज्ञापन आया था। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद उनकी बातचीत सुषमा गुप्ता नाम की महिला से हुई। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।
शुरुआत में उन्हें रेस्तरां रिव्यू से जुड़े टास्क दिए गए। टास्क पूरा करने पर उन्हें 180 से 500 रुपये तक का रिटर्न दिया गया। इससे महिला को भरोसा हो गया कि यह काम वास्तविक है।
आरोप है कि तीसरे दिन साइबर ठगों ने अधिक कमाई का लालच देकर उन्हें पेड प्लान में निवेश करने के लिए कहा। इसके बाद महिला से 10 हजार, 30 हजार और 50 हजार रुपये समेत अलग-अलग भुगतान कराए गए। इस तरह कुल 1.40 लाख रुपये जमा करा लिए गए।
बाद में महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को भी तहरीर दी। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल की टीम कर रही है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, टेलीग्राम ग्रुप और लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर रही है।

