हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के बीच तिकोनिया में निकाली गई रैली के दौरान कथित हुड़दंग और अराजकता के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश पांडे के समर्थन में निकली रैली में हाईवे बाधित करने, राहगीरों और फड़-रेहड़ी वालों से अभद्रता व मारपीट करने के आरोप में 18 नामजद समेत 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह की तहरीर के अनुसार, 11 सितंबर को कुछ छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने तिकोनिया, एमबीपीजी कॉलेज, नैनीताल-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग और ठंडी सड़क पर वाहनों के साथ रैली निकाली।
पुलिस का आरोप है कि रैली में शामिल लोग वाहनों पर बड़े-बड़े झंडे लहराते हुए खतरनाक तरीके से जिगजैग वाहन चला रहे थे और सड़क पर हुड़दंग कर रहे थे। इस दौरान राहगीरों से गालीगलौज और अभद्रता करने तथा विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, फड़, फेरी, रेहड़ी और ठेली लगाने वालों के साथ भी मारपीट की शिकायत सामने आई। आरोप है कि रैली के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग को घेर लिया गया, जिससे आम यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने कहा कि इससे आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा पैदा हुई और मरीजों व अन्य लोगों के लिए परेशानी की स्थिति बनी।
मामले को लेकर एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता की टीम ने रैली में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि सड़क पर हुड़दंग, अराजकता, बलवा, यातायात बाधित करने या आम लोगों में भय पैदा करने की कोशिश को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब मुकदमे में नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान के साथ रैली के दौरान हुई घटनाओं से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

