हरिद्वार: चंडी घाट चौकी क्षेत्र की चंडी घाट बस्ती में घरेलू विवाद के बाद बेटे द्वारा पिता पर किए गए हमले में उनकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय प्यारे ने शनिवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे प्रकाश (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर शाम की है। प्यारे अपने छोटे बेटे के साथ रात का खाना बना रहे थे। इसी दौरान किसी घरेलू काम को लेकर उनकी बड़े बेटे प्रकाश से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि प्रकाश ने डंडे से पिता के सिर पर कई वार कर दिए।
सिर में गंभीर चोट लगने से प्यारे लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गए, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी प्रकाश को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद चंडी घाट बस्ती में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।

