उत्तराखंड मौसम अपडेट
हल्द्वानी: उत्तराखंड में मौसम साफ होने के साथ ही दिन में धूप खिलने लगी है। मैदानी इलाकों में तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, अगले 24 घंटे में उत्तराखंड से मानसून की विदाई होने की संभावना है। मानसून की विदाई के संकेतों के बीच प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को हल्द्वानी समेत मैदानी इलाकों में दिनभर अच्छी धूप खिली रही, जिससे तापमान में हल्का इजाफा हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को प्रदेश में आमतौर पर मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छा सकता है।
मौसम साफ रहने और धूप खिलने के चलते मैदानी इलाकों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। वहीं, मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।



